कपकोट (बागेश्वर)। प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायत बमसेरा के नेली में कुंवारी के प्रभावितों के पुनर्निर्वासन की कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी है।
गुस्साए बमसेरा और ऐठाण के लोगों ने बुधवार को नारेबाजी के साथ तहसील कार्यालय में एक घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को कोई भी अधिकारी नहीं मिला तो उनका गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने सभा कर चेतावनी दी कि कार्रवाई शीघ्र नहीं रुकी तो 17 अप्रैल को तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
मंगलवार सुबह ऐठाण और बमसेरा के लोग नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन किया। वहां उन्हें एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य कोई जिम्मेदार अधिकारी न मिलने पर वह एक घंटे तक धरने में बैठे रहे। इसके बाद वह बगैर ज्ञापन दिए ही अपने घरों को लौट गए।
धरना प्रदर्शन करने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, सभासद गिरीश जोशी गिर्दा, नरेंद्र राम, दयाल ऐठानी, लक्ष्मण ऐठानी, दरबान ऐठानी, प्रेम सिंह ऐठानी, किसोर ऐठानी, कमल सिंह, प्रेम सिंह और जसंवत सिंह आदि थे।