दुगनाकुरी(बागेश्वर)। कमेड़ीदेवी के समीप बिजली की मुख्य लाइन में एक पेड़ गिर गया। तार टूटने से दुगनाकुरी क्षेत्र के दो दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई।
इस दौरान पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा।
रविवार की रात कमेड़ीदेवी के समीप एक चीड़ का पेड़ टूटकर बिजली की लाइन में गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बनलेख, रीमा, सनगाड़ सहित लगभग दो दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई।
पूरा क्षेत्र अंधकार में डूबा रहा। सोमवार को भी दिन में बिजली गुल रहने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडेय ने बताया कि झांकरा के पास पेड़ गिरने से बिजली की लाइन का तार टूट गया था। जिसे जोड़ दिया गया है। सोमवार की दोपहर 12 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।