बागेश्वर। बमराड़ी में बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर ग्रामीण मुखर हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से शिक्षक और चिकित्सक की तैनाती की मांग की है। ऐसा न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आयोजित एक बैठक में ग्रामीणों ने बमराड़ी राप्रावि में शिक्षकों की कमी और पशु स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के अभाव का मुद्दा उठाया। कहा कि शिक्षक की कमी से नौनिहालों का पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। वहीं, पशु चिकित्सक के अभाव में मवेशियों को इलाज नहीं मिल पा रहा। अधिकांश ग्रामीणों की आजीविका पशुपालन से जुड़ी है। इससे आजीविका भी प्रभावित हो रही है। बार बार समस्या बताने के बावजूद न तो शिक्षक की नियुक्ति हुई और न ही चिकित्सक मिला। उन्होंने समस्याओं का जल्द निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान प्रधान जशोदा देवी, मुन्नी देवी, कमला, उमा, दुर्गा, हेमा परिहार, गुड्डी, बसंती, अनीता रावत, तारा दत्त, मंजू परिहार आदि थे।