बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बांध बनाने का हमारे पास अनुभव है। पंचेश्वर बांध का निर्माण देश के हित में जरूरी है। राष्ट्रहित में अपने गांव का परित्याग करने वाले किसानों को बसाने के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के लिए बांध बनाया जाना जरूरी है। राज्य में इससे पहले टिहरी में बांध बनाया जा चुका है। बांध बनाने का हमारे पास अनुभव है। इसलिए पंचेश्वर बांध के निर्माण में जो भी विस्थापित होंगे, उनके लिए उचित व्यवस्था की जाएगी और इस दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए पहाड़ के किसानों को पैटर्न को बदलने की जरूरी है। ऐसी खेती पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जिसे जंगली जानवर नुकसान नहीं पहुंचाते हों और जो किसानों को अधिक फायदा देती हो। इसके लिए योजनाएं भी बनाई जा रही हैं। किसानों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।