बागेश्वर/ कपकोट। आगामी 21 सितंबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र पर्व पर भगवान बागनाथ की नगरी और नगर पंचायत कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मूर्तिकार दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण में दिनरात जुटे हुए हैं। कमेटियों ने लोगों से महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की है।
नगर के नुमाइशखेत मैदान में पीपल के पेड़ के समीप दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारी तेजी से चल रही हैं। मूर्तिकार मूर्तियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। कमेटी के व्यवस्थापक गोविंद साह जगाती ने बताया कि महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उधर दुर्गा पूजा महोत्सव कमेटी कपकोट के अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 21 सितंबर को होगा। शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकलेगी। मूर्तियों का निर्माण इन दिनों तेजी से चल रहा है। उन्होंने लोगों से महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने में सहयोग की अपील की है।