बागेश्वर। काउंसलिंग के बावजूद स्कूलों में नियुक्ति नहीं मिलने से कपकोट के अतिथि शिक्षकों में नाराजगी है। अतिथि शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए शीघ्र पुनर्नियुक्ति की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे कपकोट के अतिथि शिक्षकों ने कहा कि उनकी काउंसलिंग आठ अगस्त को हो चुकी है। लेकिन, अभी तक विद्यालयों में नियुक्ति नहीं दी गई है। बताया कि विकासखंड में शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं। शासनादेश के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने से सभी अतिथि शिक्षकों में असमंजस बना हुआ है।
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि ब्लॉक और जिला स्तर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शन के बाद अतिथि शिक्षकों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र इस मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में तारा कोरंगा, आनंद प्रसाद, पवन तिवारी, हेमंत गोस्वामी, दीपक तिरुवा, पूनम कपकोटी, गुंजन कुमार जोशी, कला गोस्वामी, सुरेंद्र सिंह, ललित सिंह आदि अतिथि शिक्षक शामिल थे।