बागेश्वर। यूथ फाउंडेशन जल्द ही कुमाऊं मंडल के युवाओ को सेना भर्ती पूर्व अभ्यास के लिए जल्द ही चयन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। संसाधनों के अभाव से सेना का हिस्सा नहीं बन पाने वाले युवाओं को यूथ फाउंडेशन मदद कर रहा है।
फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि यूथ फाउंडेशन पहाड़ के युवाओं को रोजगार देने का एक माध्यम बन गया है। हम अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देने का प्रयास कर रहे हैं। कुमाऊं मंडल के युवाओं के लिए जल्द ही फाउंडेशन टीम चयन प्रक्रिया शुरू करेगी।
यूथ फाउंडेशन टीम से जुड़े सुरेश कापड़ी ने बताया कि पांच वर्षों में दस हजार युवाओं को भारतीय सेना और दो हजार युवक- युवतियों को पुलिस, एसएबी आदि का हिस्सा बना चुका है। फाउंडेशन युवाओं को शारीरिक अभ्यास के साथ रहने व खाने की व्यवस्था नि:शुल्क देता है। इस वर्ष तीन जून से कोटद्वार में भारतीय सेना द्वारा गढ़वाल मंडल के युवाओं के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया था। जिसमें यूथ फाउंडेशन के 1156 युवाओं ने प्रतिभाग किया था जिसमे से 960 युवाओं ने शारीरिक दक्षता पास की। कुल 800 युवाओं ने मेडिकल परीक्षा भी पास कर ली है।