बागेश्वर। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने वार्डों में निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने घटिया निर्माण सामग्री उपयोग करने पर कई निर्माण ध्वस्त कराए। साथ ही ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण काम करने की भी हिदायत दी।
ज्वाला देवी वार्ड के माजियाखेत में राज्य वित्त से 2.91 लाख रुपये की रकम से नाली और सीसी रोड बनाई जा रही है। इधर पालिकाध्यक्ष खेतवाल ने माजियाखेत में हो रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने पाया कि सीसी रोड और नाली निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही है। इस पर उन्होंने वहां काम कर रहे मजदूरों से निर्माण तुड़वाया। चेतावनी दी कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सही होनी चाहिए।
बिलौना वार्ड का भी किया निरीक्षण
बागेश्वर। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने सभासद भूपेंद्र सुयाल के साथ नए बने वार्ड बिलौना का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने खेतवाल से मोटर मार्ग, सीसी रोड, रास्तों का चौड़ीकरण, पानी निकासी के लिए नाली निर्माण और समूचे वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। उन्होंने वार्ड में नियमित सफाई नहीं होने की शिकायत की। इस पर खेतवाल ने बताया कि वार्ड में सफाई के लिए एनजीओ से जुड़ी महिलाओं को जोड़ा जा रहा है। वहां किशन नगरकोटी, विनोद पाठक, दीपक कार्की आदि थे।