बागेश्वर। हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर अपनी पौत्री के उपचार के लिए बहू को एक साल का अवकाश देने की गुहार लगाई है। डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी को इस मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में तल्ला बमौरी हल्द्वानी निवासी रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि उनकी पौत्री का इशिता जोशी (12) का गंगा राम अस्पताल बरेली में उसकी माता आशा जोशी की देखरेख में उपचार चल रहा है। आशा जोशी जूनियर हाईस्कूल सिरालागांव कपकोट में सहायक शिक्षिका है। डॉक्टर ने बच्ची का उपचार छह माह से 12 माह तक चलने की बात कही है। आशा देवी ने बेटी के इलाज के लिए आगामी दो जुलाई से 23 मई 2020 तक 365 दिन का अवकाश देने के लिए मुख्य शिक्षाधिकारी को 27 जून को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची की गंभीर बीमारी से पीड़ित होने बाद भी मुख्य शिक्षाधिकारी द्वारा इसे नजरअंदाज कर केवल 40 दिन का ही अवकाश स्वीकृत किया है। ब्यूरो