पीठासीन/ मतदान कार्मिकों का द्वितीय चरण का सैद्धांतिक, ईवीएम का प्रशिक्षण संपन्न हो गया। चार दिवसीय इस प्रशिक्षण में 1540 मतदान कार्मिकों को मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण दिया। सामान्य प्रेक्षक एमएस जया ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक चुनाव आयोग के निर्देशों का ईमानदारी के साथ पालन करें। मतदान कार्मिकों के लिए जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्र को प्रस्थान से लेकर वापसी तक रहने, भोजन की व्यवस्था की है।
किसी को शिकायत होने पर वह जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तैयार किए मोबाइल एप दिशा के माध्यम से जानकारी ले सकते हैं। सीडीओ एसएसएस पांगती ने प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों से सभी प्रपत्रों की जांच करने, प्रत्याशियों की सूची से बैलेट पेपरों का मिलान करने को कहा। सीडीओ ने बताया कि सामग्री वितरण के बाद वाहन की व्यवस्था होगी। ईवीएम की सुरक्षा प्राथमिकता के आधार पर जरूरी है। सीडीओ ने कहा कि मतदान कार्मिकों के मतदान के लिए डिग्री कॉलेज में पोलिंग बूथ की व्यवस्था की गई है। इसमें प्रपत्र 12 भरकर अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। प्रशिक्षण नोडल डॉ. उदय शंकर के नेतृत्व में दीप चंद्र जोशी, केवलानंद कांडपाल ने स्लाइड शो के माध्यम से जानकारी दी। इस दौरान नोडल अधिकारी वीके चौधरी, डीडीओ केएन तिवारी सहित सभी पीठासीन अधिकारी, मतदान कार्मिक थे।