बागेश्वर। जन संघर्ष समिति कठपुड़ियाछीना ने कठपुड़ियाछीना सेराघाट मार्ग बनाने की मांग की है। समिति ने ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को असौं गांव के पंचायत भवन में समिति की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से कठपुड़ियाछीना-सेराघाट रोड बनाने की मांग की जा रही है लेकिन आज तक सड़क नहीं बन सकी है। उन्होंने जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होने और कठपुड़ियाछीना में ब्लॉक नहीं बनाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
इस दौरान बिजली, पानी के बिल जमा कराने के लिए कैंप लगाने, राजकीय इंटर कालेज की दशा सुधारने, कालेज में शौचालय बनाने, 60 साल से अधिक के बुजुर्गों को पेंशन लाभ दिलाने की भी मांग की गई। वहां बिशन सिंह असवाल, महेश चंद्र मिश्रा, बची सिंह मनराल, पूरन सिंह असवाल, गोविंद सिंह, देवीदत्त मिश्रा, शंकर सिंह, बहादुर सिंह, प्रकाश सिंह, पान सिंह, सरोजिनी देवी, दीवान सिंह, लीला असवाल, पार्वती देवी आदि थे।