बागेश्वर। राइंका काफलीगैर में आयोजित एनसीसी कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि समृद्ध समाज के निर्माण में एनसीसी अहम भूमिका निभा सकता है।
प्रधान करासीबूंगा सुंदर लाल ने कहा कि एनसीसी कैडेटों ने स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, पोलियो उन्मूलन आदि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर भाग लिया है। एनसीसी अधिकारी संजय जनौटी ने एनसीसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन व मेहनत से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्रधानाचार्य मदन मोहन गुरुरानी ने एनसीसी द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में रोशनी डाली।
इस मौके पर हुई निबंध प्रतियोगिता में तनूजा बिष्ट प्रथम, कोमल भोज द्वितीय व अनामिका रौतेला तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में खुशी बोरा प्रथम, दीपा बिष्ट द्वितीय, अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। क्विज प्रतियोगिता में अजय कुमार प्रथम, गंगा बिष्ट द्वितीय व रोहित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इस मौके पर 81 यूके बटालियन के जूनियर डिविजन के कैडेटों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।