कपकोट (बागेश्वर)। घास काटते समय एक नवविवाहिता खाई में जा गिरी। सड़क के अभाव के चलते ग्रामीण घायल महिला को डोली में लाद दो किमी की पैदल दूरी तय कर कपकोट सीएचसी पहुंचे लेकिन इससे पहले ही महिला दम तोड़ चुकी थी।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे ग्राम पंचायत के दैनाड़ के कन्यातीतोक निवासी शीला (22) पत्नी विनोद सिंह घास काटने गांव के पास दाणदिन जंगल गई थी। इस दौरान महिला का पैर फिसला और वह 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने महिला को खाई से बाहर निकाला। गांव से सड़क दो किमी दूर है। ग्रामीण घायल महिला को डोली में लादकर दो किमी पैदल दूरी तय सड़क तक पहुंचे।
यहां से 108 से सीएमसी लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शीला का विवाह एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। पति दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। इन दिनों पति छुट्टी पर गांव आया था। मृतका का मायका पुड़कुनी में है। तहसीलदार एमपी सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।