बागेश्वर। होली पर्व पर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस नशेड़ियों पर अपनी पैनी निगाह बनाए रखेगी।
होली पर्व को शांतिपूर्वक ढंग से मनाने को लेकर बागेश्वर कोतवाली में पुलिस प्रशासन ने व्यापार संघ, ग्राम प्रधान और नागरिकों के साथ बैठक की। पुलिस क्षेत्राधिकारी वीर सिंह ने कहा कि होली में पुलिस हुड़दंगियों पर विशेष रूप से नजर रखेगी। यदि कोई भी अराजकता करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल टीआर वर्मा ने कहा कि होली में गश्त बढ़ाई जाएगी। यातायात पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी। चालकों का अल्कोमीटर से परीक्षण किया जाएगा। बैठक में बागनाथ मंदिर कमेटी के पदाधिकारी, जूना अखाड़ा के महंत, व्यापार संघ के अध्यक्ष हरीश सोनी, ग्राम प्रधान सहित नगर के तमाम व्यापारी, विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद थे।