बागेश्वर। निर्वाचक नामावलियों के विस्तृत पुनरीक्षण कराने को लेकर नगरपालिका परिषद बागेश्वर और नगर पंचायत कपकोट के लिए नियुक्त संगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। एडीएम राहुल गोयल ने उन्हें एक स्थान पर बैठकर फॉर्म भरने के बजाय घर-घर जाकर मुखिया व वरिष्ठ सदस्य से बातचीत करने के निर्देश दिए।
जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी ने विस्तृत पुनरीक्षण कार्य को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय सारणी के अनुसार चरणबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक ने गणना और सर्वेक्षण कार्य के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आठ नवंबर से 11 दिसंबर तक संगणक द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य किया जाएगा।
एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने और नगर में निवास करने वाले व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज किया जाएगा। बैठक में एसडीएम श्याम सिंह राणा, तहसीलदार दया चंद्र टम्टा सहित सभी संगणक व पर्यवेक्षक उपस्थित थे।