बागेश्वर। युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में नौ नवंबर से खेल महाकुंभ का आयोजन होगा। इसके तहत जिले के 35 न्याय पंचायतों में खेलकूद कराए जाएंगे। डीएम ने खेलों के सफल संचालन के लिए युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए।
बताया गया कि न्याय पंचायत स्तर पर आयोजन के बाद ब्लॉक स्तर पर खेल आयोजित होंगे। उसके बाद जिला स्तर पर खेलों का आयोजन होगा। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। बताया कि खेल युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत और खेल विभाग के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। इसमें न्याय पंचायतों में कराए जाने वाले खेलों में 12 से 19 वर्ष तक के बालक-बालिका प्रतिभाग कर सकते हैं।
डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिले में खेलों की तिथि निर्धारित होते ही तालमेल के साथ खेलों को संपन्न कराने को कहा। बैठक में एडीएम राहुल गोयल, डीडीओ केएन तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक, जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद वल्दिया, डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी हेमा परिहार आदि थे।