बागेश्वर। विकास भवन के पास कूड़ा भरने के दौरान नगरपालिका का डंपर एकाएक पीछे की ओर चल पड़ा। करीब 10 मीटर दूर दीवार से टकराने के बाद डंपर पलट गया। इस दौरान सड़क पर किसी के नहीं होने से बड़ा हादसा होने से बच गया।
शनिवार सुबह नगरपालिका के डंपर (यूके 02-2428) में विकास भवन के पास कूड़ा भरा जा रहा था। इस दौरान वाहन में चालक मौजूद नहीं था। इसी बीच अचानक डंपर पीछे की ओर चल पड़ा। वाहन के पीछे की ओर चलने से वाहन में कूड़ा भर रहे पर्यावरण मित्रों में खलबली मच गई। कुछ दूर तक चलने के बाद पिछला हिस्सा दीवार से टकराते ही वाहन सड़क पर पलट गया। यदि सड़क पर कोई राहगीर या वाहन होता तो गंभीर घटना हो सकती थी।