बागेश्वर। राजकीय स्नातक महाविद्यालय में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक मेरिट सूची जारी नहीं की है। इससे गुस्साए छात्रों ने नारेबाजी कर वीसी (कुलपति) का पुतला फूंका। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मंगलवार सुबह छात्र नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय प्रांगण में एकत्र हुए और उन्होंने वीसी का पुतला फूंका। वहा हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि इस बार कुमाऊं विवि ने महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया अपनाई है। कई छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए आवेदन काफी समय पहले कर चुके हैं। लेकिन मेरिट लिस्ट जारी नहीं होने से वह दुविधा में पड़े हैं।
दूरदराज से मेरिट लिस्ट देखने छात्र-छात्राएं यहां आ रहे हैं, लेकिन निराश हो रहे हैं। उन्होंने विवि प्रशासन से जल्द से जल्द मेरिट लिस्ट जारी करने की मांग की है। छात्रनेता गोविंद चंदोला ने कहा कि यदि मांग नहीं मानी गई तो आत्मदाह और तालाबंदी करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन और पुतला फूंकने वालों में पूर्व छात्रसंघ सचिव गोकुल परिहार, तनुज कर्म्याल, दीपक मर्तोलिया, नीरज बिष्ट, दीपक खेतवाल, सुुंदर दानू, उज्ज्वल भट्ट, मनीष दानू, दिनेश कोरंगा, मुकेश कुमार, मोहन साह, हिमांशु रौतेला, दीपक कोश्यारी आदि थे।