कूड़ा निस्तारण को लेकर आयोजित बैठक में नगर के सभी वार्डों की सफाई के लिए 15 और पर्यावरण मित्रों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर कहा गया कि नगर के जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के लिए पर्यावरण मित्र तैनात होंगे वहां के लोगों से सफाई का शुल्क लिया जाएगा।
नगरपालिका में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल और नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल की मौजूदगी में आयोजित बैठक में नगर के कूड़ा निस्तारण की समस्या पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सभासदों ने अपने वार्डों की सफाई व्यवस्था को प्रमुखता से रखा। इस पर 15 और पर्यावरण मित्र रखने का निर्णय लिया गया। नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर की सफाई व्यवस्था में इस समय 33 पर्यावरण मित्र तैनात हैं। जिन पर्यावरण मित्रों की तैनाती की जा रही है उन्हें हर वार्ड में सफाई की ड्यूटी दी जाएगी।
इसके बदले नगरपालिका लोगों से यूजर चार्जेज वसूलेगी। उन्होंने कहा कि इन पर्यावरण मित्रों की तैनाती फिलहाल एक माह के लिए की जा रही है। उन्होंने सभी सभासदों से सफाई व्यवस्था में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में ईओ ईश्वर सिंह रावत, नवीन साह, पुनीत साह, दीप जोशी, कमला परिहार आदि सदस्य उपस्थित थे।