बागेश्वर। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के निर्माण की मांग को लेकर यहां चल रहा आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा इस पुरातन मांग को अब ज्यादा दिनों तक लटकाना जिले के साथ बेईमानी होगी। उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
तहसील परिसर में महेश पांडे और केवल सिंह ड्योड़ी क्रमिक अनशन पर बैठे। सभा में वक्ताओं ने कहा रेल लाइन की मांग आजादी से पहले की है। इसके लिए वर्ष 1882,1912, 2006, 2009 और सर्वे 2010 में सर्वे होने के साथ ही तत्कालीन केंद्र सरकार ने इस मांग को राष्ट्रीय योजना में भी शामिल किया था। इसके निर्माण के लिए आज तक बजट मंजूर नहीं हो सका है।
कहा रेल लाइन बने बगैर क्षेत्र का विकास कतई संभव नहीं है। इस मौके पर जन आंदोलनकारी और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शमशेेर बिष्ट के निधन पर शोक जताया गया। वक्ताओं ने उन्हें जन सरोकारों का सच्चा हितैषी बताया। अध्यक्ष नीमा दफौटी की अध्यक्षता में हुई सभा का संचालन महासचिव खड़क राम आर्य ने किया। इस मौके गोविंद भंडारी, लक्ष्मण परिहार, शिव सिंह परिहार, आनंद तिवारी, केवल ड्योड़ी, एडवोकेट कमलजीत नारायण दास, महेश पांडे, दिनेश लोहनी, सुंदर स्यूनरी, पार्वती पांडे, सरस्वती गैलाकोटी, राधा नेगी, डुंगर सिंह और राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।