बागेश्वर। जिले में बैसाखी का त्योहार श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मंदिरों में पूजार्थियों का सुबह से ही तांता लगा रहा। लोगों ने पकवान बनाकर अपने आराध्य को अर्पित कर पास पड़ोस में बांटा।
शनिवार सुबह श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू में हर हर महादेव के घोष के साथ सरयू में डुबकी लगाई। लोगों ने जौ की बाली से शरीर को स्पर्श कर उसे नदियों में प्रवाहित किया। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद उन्होंने भगवान बागनाथ के पौराणिक मंदिर में जलार्पण किया। काल भैरवनाथ और बाणेश्वर भगवान के मंदिर समेत अन्य मंदिरों में पूजा के बाद तीर्थ पुरोहितों से बागनाथ मंदिर में रुद्री पाठ कराया। उधर सनगाड़ स्थित श्री 1008 नौलिंग देव, कांडा पड़ाव स्थित कालिका माता के मंदिर और कपकोट स्थित श्री श्री 1008 काशिल देव मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई। वहां हनुमान जी की मूर्ति पर चमेली के तेल के साथ पीले सिंदूर का लेप किया गया।
थड़ा साहिब गुरुद्वारे में हुआ शबद कीर्तन
बागेश्वर। बैसाखी पर्व के मौके पर थड़ा साहिब गुरुद्वारे को विशेष तरीके से सजाया गया है। ज्ञानी जगदीप सिंह ने अखंड शबद कीर्तन पाठ किया। गुरुद्वारे में नए अनाज का शुभारंभ किया गया। लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहां हरीश सोनी, दलजीत कौर, किशन सोनी, डॉ. हर्ष मेहरा, निखिल मेहरा, अमित रस्तोगी आदि थे।
बिखोती पर्व पर बैजनाथ और कोट भ्रामरी में सैकड़ों भक्तों ने की अराधना
गरुड़ (बागेश्वर)। बिखोती (बैसाखी) का पर्व तहसील क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। पुजारियों ने बैजनाथ धाम, कोट भ्रामरी मंदिर में पूजा अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में लोगों की भीड़ लगी रही।