बागेश्वर। सुबह के समय घूमने निकले नगर के एक व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। व्यापारी का शव घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला। मृत व्यापारी के घर से एक सुसाइड नोट मिलने की सूचना है। पुलिस कार्रवाई को लेकर व्यापारी के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
नगर से सटे चौरासी गांव निवासी ललित मोहन बिष्ट (40 वर्ष) बागेश्वर शहर में घड़ी की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह वह रोज की तरह चाय पीने के बाद घर से घूमने के लिए निकले थे। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर रास्ते पर पड़ा देखा। आसपास के लोग उन्हें उठाकर अस्पताल लाए, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। व्यापारी की संदिग्ध हालात में हुई मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। व्यापारी की मौत की सूचना पर बड़ी संख्या में व्यापारी और लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। बताया जा रहा है कि पुलिस को मृतक व्यापारी के घर से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें व्यापारी ने कुछ लोगों पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।