कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट-उत्तरौड़ा-पोलिंग और उत्तरौड़ा-लीली सड़कों के निर्माण में कटी उत्तरौड़ा के काश्तकारों की नाप भूमि का मुआवजा काश्तकारों को अब तक नहीं मिल सका है। मुआवजा नहीं मिलने से उनमें रोष है। गुस्साए काश्तकारों ने मुआवजे का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
लोनिवि ने कपकोट-उत्तरौड़ा-पोलिंग और पीएमजीएसवाई उत्तरौड़ा-लीली सड़क के निर्माण के लिए पांच साल पहले उत्तरौड़ा के ग्रामीणों की कई नाली नाप भूमि काटी थी। सड़कों पर अब छोटे-बड़े वाहन भी दौड़ने लगे हैं, लेकिन काश्तकारों को आज तक मुआवजे का भुगतान नहीं हो सका है। मुआवजे के लिए काश्तकार कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं, लेकिन भुगतान के नाम पर हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
उन्होंने भुगतान शीघ्र नहीं मिलने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी है। चेतावनी देने वालों में प्रकाश जोशी, गोपाल दत्त जोशी, रमेश पाठक, प्रदीप जोशी, हेम चंद्र जोश्ी, कांति बल्लभ जोशी, पीतांबर दत्त पांडे, विशंभर दत्त पांडेे आदि शामिल हैं। इधर, लोनिवि के ईई केके तिलारा और पीएमजीएसवाई के ईई जीएस चुफाल ने बताया कि काश्तकारों को मुआवजा देने की कार्यवाही पर काम चल रहा है। जल्द ही तहसील कार्यालय के जरिए भुगतान कराया जाएगा।