बागेश्वर/कपकोट। काफलीगैर क्षेत्र के बिनसर गांव में भूस्खलन से चंदन प्रसाद का भवन खतरे में आ गया है। प्रभावित ग्रामीण ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। तीन दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश से चंदन प्रसाद का आंगन धंस गया था। अब हल्की बारिश होने में भी लगातार आंगन धंस रहा है।
भूस्खलन से मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। चंदन प्रसाद का कहना है कि इसकी सूचना प्रशासन को दी गई थी, लेकिन अभी तक सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। प्रभावित ग्रामीण ने प्रशासन से सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने की मांग की है।
उधर, कपकोट के पोथिंग गांव में पिछले दिनों मूसलाधार बारिश से ध्वस्त आवासीय मकान का ग्रामीण विपिन चंद्र जोशी को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। प्रभावित ग्रामीण ने बताया कि नौ जुलाई को भारी बारिश से उसका दुमंजिला मकान ध्वस्त हो गया था। सूचना पर राजस्व विभाग की ओर से मौका मुआयना किया गया।
आभी तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया ने क्षतिग्रस्त भवन का निरीक्षण कर प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने का भरोसा दिलाया।