कांडा (बागेश्वर)। तहसील के दूरस्थ ग्राम पंचायत टकनार के भैंसुड़ी गांव में बीमारी और बेरोजगारी से तंग आकर एक युवक ने फांसी लगा ली। शव घर से आधा किमी दूर जंगल में चीड़ के पेड़ पर लटका मिला। डीएम के आदेश पर बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मंगलवार को कांडा थाना पुलिस ने गांव के मनोज राम (24) पुत्र पनीराम का शव जंगल से बरामद किया। इससे पहले ग्रामीणों ने पेड़ में लटका शव देखकर पुलिस बुलाई। पुलिस सड़क से नौ किमी दूर पैदल चलकर शव तक पहुंची। ग्राम प्रधान हीरा सिंह की मौजूदगी में पंचनामा भरा गया। घटना में कोई संदेह नजर नहीं आने और परिवार, ग्रामीणों के अनुरोध पर प्रशासन से पोस्टमार्टम नहीं कराने का फैसला किया। मौके पर पहुंचे एसआइ पीसी जोशी ने बताया कि हालांकि मौके से सुइसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। लेकिन परिजन और ग्रामीणों के बयान में मृतक के बीमार और बेरोजगार होने का पता चला। घर पर मृतका की बुजुर्ग मां रहती है। जबकि दो बेटे बाहर नौकरी करते हैं। इधर, पीड़ित परिवार की कमजोर माली हालत को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की मांग की है।