बागेश्वर। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में तय किया गया कि साहसी व संघर्षशील बालिकाओं के माता पिता भी सम्मानित किए जाएंगे। बेटी के जन्म होने पर माता, पिता को बधाई संदेश भी भेजे जाएंगे।
प्रभारी जिलाधिकारी राहुल गोयल की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में बताया कि प्रत्येक 14 तारीख को प्रत्येक स्पदन केन्द्रों पर बेटी जन्मोत्सव मनाया जायेगा। साहसी व संघर्षशील बालिकाओं तथा उनके माता-पिता को सम्मानित किया जायेगा। इसके अलावा ऐसे माता-पिता को भी सम्मानित किया जायेगा जिनकी केवल बेटियां हैं। बालिका शिक्षा के लिए विशेष प्रयास करने वाले विद्यालय व समितियों को भी सम्मानित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर कन्या भ्रूण हत्या एवं प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया।
पंचायती राज विभाग के साथ मिलकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने व बेटी के जन्म होने पर माता-पिता को विशेष बधाई संदेश भेजा जायेगा। बैठक में सिविल जज जूनियर डिविजन सुमन, कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बिष्ट, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एनएस टोलिया, प्रधानाचार्य प्रमोद तिवारी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ.उदय शंकर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज पुरोहित, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, डीपीआरओ पूनम पाठक, युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन रावत आदि थे।