बागेश्वर/कपकोट। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित हरेला महोत्सव में बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। ग्राम्या फेज टू की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राइंका पोथिंग में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न प्रजाति के 2800 पौधों बांटे।
राइंका पोथिंग के प्रांगण में जिपं अध्यक्ष ऐठानी ने लोगों से पौधरोपण कर उनकी सुरक्षा भी करने को कहा। विद्यालय परिसर में बांज, तेजपत्ता, संतरा और माल्टा के पौधे रोपे गए। वहां यूनिट अधिकारी एमडी सुयाल, रीतू टम्टा, प्रधान चंपा देवी, उप प्रधान गोपाल सिंह, पूर्व कनिष्ट ब्लॉक उप प्रमुख भगवत गढ़िया, पूर्व प्रधान हरीश जोशी, प्रधानाचार्य विमल कुमार, प्रवीन कुमार आदि थे। जिला भेषज संघ की ओर से तोली में तेजपत्ते के तीन हजार और नदी गांव में बड़ी इलायची के 350 पौधों का वितरण किया गया। संघ के सचिव देवेंद्र ज्येष्ठा ने पौधों की देखभाल करने को कहा। वहां संबंधित गांवों के प्रधान भूपाल सिंह गढ़िया, गजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह और केदार सिंह आदि थे।
उधर कर्मी और दोबाड़ गांव में कुल 7100 पौधे रोपे गए। शुुुुभारंभ जिपं सदस्य गोविंद दानू ने किया। दानू ने कर्मी और दोबाड़ गांव में पेड़ों की सुरक्षा और तारबाड़ के लिए अपनी निधि से एक-एक लाख रुपया देने, दोबाड़ तोली की महिलाओं द्वारा श्रमदान कर पौधों के रोपण के लिए ग्राम पंचायत को समारोहों में भोजन बनाने वाले बर्तनों के लिए 30 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया। देव कंस्ट्रक्शन की बीनादेव को धरा संस्था को पौध उपलब्ध कराने पर उनका आभार जताया। पौधों की सुरक्षा के लिए महिला जागृति समिति का गठन किया गया। इसके लिए भगवती देवी अध्यक्ष, कांति देवी सचिव और भगवंती देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहां सहकारिता कर्मी के अध्यक्ष चंदन दानू, प्रधान केदार दानू, स्वरूप कर्म्याल, गोकुल दानू, चामू सिंह, मोहन बसेड़ा, राजू दानू और चंद्रा कर्म्याल आदि थे।