बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने मासिक समीक्षा बैठक में सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित वादों, मुख्य देयकों की वसूली में समन तामिली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े बकायेदारों की सूची तहसील के बाहर चस्पा करने और राजस्व पुलिस को शिकायतकर्ता की प्राथमिकी आवश्यक रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक बैठक में नियमित पुलिस, राजस्व पुलिस, आबकारी, परिवहन सहित अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट के वाहन संचालन, ओवर स्पीड, ओवर लोडिंग पर नियंत्रण के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग को बलवा, अपराध पर निरोधात्मक कार्रवाई के लिए कानून व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को होटलों, ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के प्रयोग पर प्रतिबंध के लिए छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। सस्ता गल्ला की दुकानों के निरीक्षण के भी निर्देश दिए। एसपी रामचंद्र राजगुरु ने सभी थानाध्यक्षों को मित्र पुलिस की तरह कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम राहुल गोयल, एसडीएम एसएस राणा, रवींद्र बिष्ट, रिंकू बिष्ट, नेहा मीणा, एआरटीओ पूजा नयाल आदि थे।
ओवर रेटिंग की शिकायत मिली तो अधिकारी नपेंगे
बागेश्वर। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए ओवर रेटिंग, अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान में शिथिलता पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रतिदिन ओवर रेटिंग और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि ओवर रेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
21 बीजीएस 05 पी - बैठक लेती डीएम।