बागेश्वर। शामा- बड़ी पन्याली- नानी पन्याली- डांगरी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य रोके जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम से मुलाकात की। कहा कि सड़क निर्माण के टेंडर रोके जाएं क्योंकि सड़क का निर्माण जन भावना के विरुद्ध किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लोनिवि कपकोट ने जन भावना के खिलाफ गलत सर्वे किया है। सड़क निर्माण से कई परिवारों के घरों तथा खेती को नुकसान पहुंच रहा है। जल निगम की योजना भी प्रभावित हो सकती है। शामा- तेजम मोटर मार्ग से पहले ही कई परिवार खतरे की जद में हैं। ऐेसे में यदि उक्त प्रस्तावित मोटर मार्ग का निर्माण किया गया तो कई परिवार खतरे में आ जाएंगे। सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में एक सर्वे पहले भी की गई थी। लेकिन उस सर्वे के तहत कार्य नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से मुलाकात कर प्रस्तावित मोटर मार्ग का निर्माण रोकने तथा उच्चस्तरीय जांच की मांग की। चेतावनी दी कि यदि सड़क का निर्माण जनभावना के विरुद्ध किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में भवान सिंह कोरंगा, शेर सिंह, राम सिंह, गोकर्ण सिंह, कमल सिंह, लछम सिंह, मेहरबान सिंह, लछिमा देवी आदि शामिल हैं।