बागेश्वर। नगर पालिका में शामिल किए गए ग्राम मेहरनबूंगा में व्याप्त समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। सोमवार को ग्रामीणों का शिष्टमंडल पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल से मिला।
ग्रामीणों ने कहा कि तुनेड़ा-मेहनरबूंगा पेयजल योजना हर साल बाढ़ की भेंट चढ़ जाती है जिस कारण गांव की पेयजल व्यवस्था ठप हो जाती है। कहा कि मेहनरबूंगा को शहरी मानक के अनुसार पेयजल मुहैया कराया जाए। गांव में विद्युतीकरण की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव में सोलर लाइट लगाने, कूड़ा संग्रह केंद्र बनाने, नियमित सफाई करने की मांग की।
ग्रामीणों ने सीसी मार्ग बनाने, बाढ़ नियंत्रण के कार्य किए जाने, हाईटेंशन तारों को गांव के बीच से हटाए जाने, गरीबों को आवास दिए जाने, लिंक मार्ग बनाने, वन पंचायत गठित किए जाने आदि की मांग की। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने सभी समस्याओं का निस्तारण करने का भरोसा दिलाया। वहां पूर्व प्रधान रमेश राज, रीता देवी, पूरन सिंह, जगदीश चंद्र, गोविंद सिंह, दिनेश चंद्र, गीता देवी, सुरेश चंद्र, दीप चंद्र आदि थे।