बागेश्वर। अल्मोड़ा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष, साहित्यकार व प्रखर जनवादी नेता स्व. बालम सिंह जनौटी की 70वीं जयंती पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने उन्हें प्रखर जनवादी व पहाड़ की आवाज बुलंद करने वाले नेता की संज्ञा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पूर्व जिपं अध्यक्ष व सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष विक्रम सिंह शाही ने कहा कि स्व. जनौटी ने जीवन भर पहाड़ के गरीबों, महिलाओं, युवाओं की आवाज बुलंद किया। उनके साहित्य में भी पहाड़ की पीड़ा साफ दिखती थी। अध्यक्षता करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद भंडारी ने कहा कि स्व. जनौटी पहाड़ में राजनीतिक व वैचारिक क्रांति के वाहक थे। उन्होंने आंदोलनों के जरिये पहाड़ की राजनीति को दिशा देने का कार्य किया।
इस मौके पर आयोजित कवि सम्मेलन में भी कवियों ने काव्य के जरिए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। संचालन बसंत पाठक ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिपं सदस्य रवि करायत, फड़ व्यवसायी संगठन के अध्यक्ष किशन राम, युवक समिति अध्यक्ष नरेंद्र खेतवाल, वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा, एड डीके जोशी, मोहन जोशी, राजकुमार परिहार, चंदन परिहार, चंदन गढ़िया आदि थे।