कपकोट (बागेश्वर) । कपकोट-कर्मी सड़क पर सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य में लगे पेटी ठेकेदार का बेटा पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर पत्थर के साथ गांसू नदी डूब गया। बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मृतक का शव खाईबगड़ के पास से बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएमजीएसवाई की कपकोट-कर्मी सड़क के गोदियाधार से करीब 500 मीटर आगे एसवान कंपनी का काम चल रहा है। बुधवार करीब चार बजे पहाड़ी से एक बड़ा सा पत्थर तेजी से लुड़ककर आ गया। इसी दौरान सड़क से होकर जा रहा मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) जनपद के जटवाड़ा गांव निवासी वकील अहमद (21) पुत्र शकील अहमद पत्थर की चपेट में आकर पत्थर के साथ गांसू नदी में डूब गया। बताया जा रहा है कि शकील अहमद इस सड़क में कराए जा रहे निर्माण कार्य में पेटी ठेकेदार है।
घटना के तत्काल बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह बिष्ट ने इसकी सूचना पुुलिस और प्रशासन को दे दी। इसके अलावा गोविंद दानू ने भी इसकी सूचना एसडीआरफ को दे दी। एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने पुलिस और एसडीआरएफ को वकील अहमद को तलाशने निर्देश दिए। रात भर गांसू और सरयू नदी पर ढूंढ़खोज खोज का कार्य जारी रहा। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे घटना स्थल से करीब चार किमी दूर खाईबगड़ के समीप वकील अहमद का शव दिखाई दिया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। पुलिस इंस्पेक्टर गोपाल राम ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। एसडीएम बिष्ट ने बताया कि मृतक के आश्रितों को दैवी आपदा प्रबंधन मद से चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।