बागेश्वर। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत वाहन एवं गैर वाहन मद के आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक डीएम की अध्यक्षता में हुई। इसमें गैर वाहन और वाहन मद में कुल छह आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए।
बैठक में डीएम रंजना राजगुरु ने कहा कि यह योजना पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए चलाई गई है। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर स्थापित योजनाओं की स्थिति की जानकारी रखने को कहा।
उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में गैर वाहन मद में कुल 18 आवेदन पत्र जबकि वाहन मद में तीन आवेदन पत्र प्राप्त हुए। गैर वाहन मद में होटल, रेस्टोरेंट और मोटर वर्कशॉप सहित चार आवेदन पत्र जबकि वाहन मद में दो आवेदन पत्र स्वीकृत किए गए।
बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती, लीड बैंक अधिकारी आरएस रावत, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक बीसी पाठक, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, परिवहन विभाग के वरिष्ठ सहायक निश्चय जोशी आदि थे।