कपकोट (बागेश्वर)। असों, गोलूना और ओलिंग गांव में लगे हैंडपंपों से लंबे समय से पानी नहीं निकल रहा है। इससे से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान से पंपों को ठीक करने के लिए कई बार मांग कर दी है। अभी तक हैंड पंप को ठीक नहीं किया जा सका है। ग्रामीणों ने पंपों के शीघ्र ठीक नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार असों, गोलूना और ओलिंग गांव में लगे हैंड पंपों से पिछले तीन महीने से पानी नहीं निकल रहा है। पंपों के काम नहीं करने से लोगों को पीने के साफ पानी के लिए कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। आसपास में पानी के स्रोत नहीं होने के कारण ग्रामीण गधेरों के गंदे पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पेयजल संस्थान को पंप ठीक करने के लिए कई बार मांग कर दी है।
लेकिन उनकी मांग पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने पंपों के शीघ्र ठीक नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में प्रेम सिंह, जमन सिंह, त्रिलोक सिंह, कमला देवी, पुष्पा और मालती देवी आदि शामिल हैं। इधर पेयजल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि संबंधित जेई से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।