बागेश्वर। ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करने के बावजूद ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं करने से एबीवीपी ने नाराजगी जताई है। ने प्रदर्शन कर कुमाऊं विवि के कुलपति का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने विवि प्रशासन से ऑनलाइन प्रवेश के साथ ही ऑफलाइन प्रवेश प्रक्रिया भी जल्द शुरू कराने की मांग की है।
मंगलवार को छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक गस्याल के नेतृत्व में हुई सभा में छात्र नेताओं ने कहा कि पहली बार शुरू हुए ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया को अधिकांश छात्र समझ नहीं पाए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट ठीक से काम नहीं करता है। इससे प्रवेश प्रक्रिया के लिए छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर पुरानी प्रक्रिया से प्रवेश शुरू नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में आदर्श कठायत, राजेंद्र दानू, अंकित ऐठानी, भावेश पाठक, राहुल मेहता, पंकज मनराल, सुरेंद्र नेगी, कृष्णा फर्स्वाण, रोहित पंत आदि थे।