बागेश्वर। पूर्ति विभाग ने जनपद के सभी खाद्यान्न गोदामों में इलेेक्ट्रॉनिक कांटे लगा दिए हैं। इलेेक्ट्रॉनिक कांटा लगने के बाद तौल कम होने की शिकायत नहीं रहेगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं से गोदामों से तौल कर राशन प्राप्त करने को कहा है। जिले के 13 खाद्यान्न गोदामों में पुराने तराजू से ही खाद्यान्न तौल कर सस्ता गल्ला विक्रेताओं को खाद्यान्न का वितरण किया जाता था। इससे तौल कम होने की शिकायत मिलती थी।
कुछ समय पूर्व सीडीओ एसएसएस पांगती ने निरीक्षण के दौरान पूर्ति विभाग को पुराने तराजू हटाकर इनके स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा स्थापित करने के निर्देश दिए थे। पूर्ति विभाग ने अब बागेश्वर, हरसीला, गरुड़, कांडा, काफलीगैर, भराड़ी, शामा, लोहारखेत, बाछम, कर्मी, लीती, बदियाकोट, उंगिया में इलेक्ट्रॉनिक कांटे स्थापित कर दिए हैं। कुछ गोदामों में पांच क्विंटल जबकि कुछ में तीन क्विंटल क्षमता वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटे स्थापित किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी जसवंत सिंह कंडारी ने जिले के सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं से गोदामों से खाद्यान्न तौलकर प्राप्त करने को कहा है।