बागेश्वर। नुमाइशखेत क्षेत्र के लोगों ने नगर पालिका द्वारा नुमाइशखेत स्थित रामलीला भवन के पास बनाए जा रहे गेट के निर्माण को अवैध बताया है। उन्होंने विधायक और एडीएम को भेजे शिकायती पत्र में कहा कि गेट का निर्माण बगैर नक्शा पास किए विनियमिती क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन करके बनाया जा रहा है। गेट के बनने से आम रास्ता काफी संकरा हो जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने विधायक और एडीएम से निर्माणाधीन गेट के निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में नवीन साह, गणेश बिष्ट, पुष्कर साह, शरद साह, दीप जोशी आदि शामिल हैं। विधायक चंदन राम दास ने एडीएम को मामले की जांच पड़ताल करके आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उधर, एडीएम राहुल गोयल ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।