बागेश्वर। उत्तरायणी मेले में शराब के नशे में धुत अराजक तत्वों का बोलबाला रहा। यहां तक कुछ अराजक तत्व मंच के सामने ही आपस में भिड़ गए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मी मूक दर्शक बने रहे।
उत्तरायणी मेले में रविवार रात बड़ी संख्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने लोग पहुंचे थे। नगर में देर रात तक खासी चहलपहल रही। इस दौरान रात नौ बजे चौक बाजार में कुछ शराबी तत्वों ने उत्पात मचाया। यहां पर जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस मारपीट कर रहे तत्वों को पकड़कर ले गई, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके कुछ समय बाद नशे में धुत कुछ अराजक तत्वों ने नुमाइशखेत में सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर भी हंगामा काटा। कुछ युवक मंच के करीब जाकर नाचने लगे।
इस बीच पवनदीप राजन की प्रस्तुति के दौरान मंच के पास ही नशे में धुत कुछ युवक आपस में भिड़ गए। आपस में मारपीट कर रहे युवकों की इन हरकतों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मी भी नजरअंदाज कर गए। बाद में अभद्रता कर रहे युवकों को मेला समिति के पदाधिकारियों ने पकड़कर वहां से हटाया। काफी शोर शराबा मचने के बाद ही पुलिस कर्मी वहां पर आए। इससे कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे दर्शकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।