बागेश्वर। सीएम प्रोत्साहन खिलाड़ी योजना के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल जारी रहा। मंगलवार को 110 प्रतिभागियों ने शारीरिक दक्षता में प्रतिभाग किया। चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित ट्रॉयल में 14 से 23 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने दक्षता परीक्षा में दमखम दिखाया। चयन प्रक्रिया में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी को शामिल किया गया। खिलाड़ियों के बैटरी टेस्ट के लिए 30 मीटर फ्लाइंग, मेडिसिन बॉल, शटल रन, वर्टिकल जंप और 800 मीटर दौड़ शामिल किया गया । चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद चयन समिति और खेल प्रशिक्षक स्किल टेस्ट के आधार पर खिलाड़ियों का चयन करेंगे। प्रभारी जिलाक्रिड़ाधिकारी किरन परिहार ने बताया कि योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह खेल छात्रवृत्ति दी जाएगी। खेल उपकरण खरीदने के लिए 10,000 रुपये की धनराशि भी प्रदान की जाएगी। इस मौके पर खेल समन्वयक कमलेश तिवारी, खेल प्रशिक्षक गणेश धपोला, राजेंद्र दफौटी आदि मौजूद रहे।