बागेश्वर। शस्त्र का लाइसेंस चाहने वालों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें शस्त्र चलाने का बुनियादी प्रशिक्षण अब बागेश्वर में ही मिलेगा। इसके लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है। अब आवेदकों को शस्त्र के लाइसेंस की चाह में बाहरी जिलों में नहीं भटकना पड़ेगा।
सरकार ने शस्त्र का लाइसेंस चाहने वालों के लिए बागेश्वर में ही प्रशिक्षण की व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत बागेश्वर पुलिस लाइन में एक कमेटी गठित की गई है। पुलिस लाइन में ही प्रशिक्षण होगा। कमेटी लाइसेंस बनाने वालों को प्रशिक्षण के साथ तकनीकी जानकारी भी देगी। प्रशिक्षण के बाद ही आवेदक को शस्त्र का लाइसेंस मिलेगा। जबकि पहले ऐसी व्यवस्था नहीं थी। आवेदकों को बाहरी जिलों के प्रशिक्षण केंद्रों से अनुभव प्रमाण पत्र हासिल करना होता था। लेकिन अब बागेश्वर में ही प्रशिक्षण की सुविधा मिलने से आवेदकों को आसानी होगी।
कोट
शस्त्र के लाइसेंस के लिए आवेदकों को अब बागेश्वर पुलिस लाइन में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवेदक को बस पांच सौ रुपये का शुल्क जमा करना होगा।
महेश जोशी, सीओ, बागेश्वर