कपकोट में कार हादसे पर शोकाकुल लोग
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। कपकोट के धूर के पास हुई दुर्घटना में मृत भजन सिंह इस समय बेरोजगार था। रोजगार के लिए वह रुद्रपुर से पुरानी ऑल्टो कार खरीदकर ला रहा था, लेकिन इस ऑल्टो कार से रोजगार के बजाय उसे मौत नसीब हुई।
सोराग के धूर गांव निवासी भजन सिंह पहले किसी व्यापारी का वाहन चलाता था। इस बीच कई माह से वह बेरोजगार था। उसने रोजगार के लिए स्वयं का वाहन खरीदकर टैक्सी परमिट में चलाने का निर्णय लिया। इसके लिए चार दिन पूर्व वह गांव के ही दयाल सिंह और महिपाल सिंह के साथ रुद्रपुर गया। जहां से उसने पुरानी ऑल्टो कार खरीदी। बुधवार को तीनों वाहन लेकर सोराग की ओर जा रहे थे। धूर के पास गांव के ही आनंद सिंह, मोहन सिंह भी उनकी कार में सवार हुए। भजन उन्हें कार से घर छोड़ने जा रहा था कि तभी अनियंत्रित कार खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में भजन के साथ ही दयाल सिंह की भी मौत हो गई। दयाल भी बेरोजगार था। मृतक भजन के दो बच्चे, दयाल के तीन छोटे बच्चे हैं। दुर्घटना के बाद से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।