बागेश्वर। क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बावजूद बिलौना-सप्तेश्वर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर साता और प्यारा के ग्रामीणों का क्रमिक अनशन मंगलवार आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने उपेक्षा के विरोध में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो अर्द्धनग्न होकर 27 जनवरी से कलक्ट्रेट प्रांगण में आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा।
आंदोलनस्थल शांतेश्वर मंदिर परिसर में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा शासन-प्रशासन की घोर उपेक्षा के चलते सड़क के बगैर क्षेत्र में विकास का पहिया जाम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन समस्याओं का समाधान करने के बजाए उनके धैर्य की परीक्षा ले रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्रमिक अनशन में मंगलवार को राजेंद्र असवाल, मोहन मेहता, हयात सिंह प्रथम, द्वितीय और हरक सिंह बैठे। वहां मोहन रावत, लछम सिंह मनकोटी, बालम असवाल, कल्याण असवाल, ललित मनकोटी, महेंद्र असवाल, बची दत्त आदि थे।