बागेश्वर। कपकोट तहसील का मल्ला दानपुर क्षेत्र तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। पिंडर नदी में बहे पुल का अभी तक निर्माण नहीं हो पाया है। बदियाकोट सड़क में डामरीकरण का कार्य भी नहीं हुआ है। इससे लोगों में नाराजगी है।
जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू ने बदियाकोट, तीख, कर्मी, सापुली आदि गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सापुली में फील्ड निर्माण के लिए 60 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिंडर नदी में 2013 में पुल बह गया था, जिसका अब तक निर्माण नहीं हो सका है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रिखाड़ी-बाछम और धूर-बदियाकोट मोटर मार्ग पर शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की। बताया कि तीन साल से डामरीकरण का काम लटका हुआ है। इस अवसर पर उनके साथ गोकुल दानू, कमल सोरागी, केदार दानू, भूपाल सिंह, उमराव सिंह आदि मौजूद थे।