दफौट से बागेश्वर को आ रही एक मैक्स मोहन नगर के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में चालक सहित 10 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह दफौट से यात्रियों को लेकर एक मैक्स वाहन संख्या यूके 04टीए 0794 बागेश्वर की ओर आ रही थी। मोहननगर के समीप जीप एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। जीप के सड़क से उतरते ही यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में स्यालडोबा निवासी चालक अशोक कुमार , ललित मोहन, राजेश कुमार, बहादुर राम, हैरोच पट्टा निवासी कमला देवी, सिमतोली निवासी बसंती देवी, चामी निवासी दीपक कुमार, रंजना, किमोली निवासी जगत सिंह, घीड़ी निवासी मनोज कुमार घायल हो गए।
सभी घायलों को अन्य वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अब्बास ने बताया कि यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी भी घायल को भर्ती करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।
दुर्घटना का कारण कीचड़ में वाहन के रपटने को बताया जा रहा है। संयोग से वाहन सड़क से उतरने के बाद अटक गया। यदि वाहन इस स्थान पर नहीं अटकता तो सीधे 10 मीटर नीचे सड़क में गिरता जिससे बड़ी अनहोनी हो सकती थी। वाहन के ऊपर ही अटक जाने से बड़ा हादसा टल गया।