बागेश्वर जिले के बैंकों में पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट जमा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। एसबीआई सहित सभी बैंकों में लगभग 10 करोड़ के नोट जमा होने का अनुमान है। पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों के बंद होने के एक दिन बाद बैंक खुले तो लोगों की भीड़ भी उमड़नी शुरू हो गई।
10 बजे तक सभी बैंक लोगों से खचाखच भर गए। पांच सौ और एक हजार के नोट लेकर आए लोगों ने अपने-अपने खातों में नोट जमा कराए। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में लगभग 2.50 करोड़ रुपए जमा हुए। यहां पर ग्राहकों की सुविधा के लिए पांच काउंटर खोले गए थे। एसबीआई की जिले भर की शाखाओं में पांच करोड़ रुपए जमा होने का अनुमान है। अल्मोड़ा अर्बन बैंक में भी दो करोड़ के नोट जमा हुए। जबकि 6.5 लाख रुपए की निकासी हुई। इसी तरह नगर के बैंक ऑफ बड़ौदा, आईडीबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, सहकारी कोआपरेटिव बैंक, पीएनबी सहित अन्य बैंकों में सुबह से ही पांच सौ और एक हजार रुपए के नोट जमा कराने वालों की भीड़ जुटी रही। जिले के कपकोट, कांडा, विजयपुर, भराड़ी सहित सभी बैंकों में भी रुपए जमा कराने वालों का तांता लगा रहा।
बैंक खुलने के बाद स्थानीय लोगों के साथ ही सैलानियों को भी राहत मिली। कौसानी एसबीआई में स्थानीय ग्राहकों के साथ ही देशी-विदेशी सैलानी भी मनी एक्सचेंज के लिए पहुंचे। पांच सौ व हजार के नोटों के बंद होने से पर्यटकों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार को जैसे ही बैंक खुले पर्यटकों ने पांच सौ और एक हजार रुपए के नोट एक्सचेंज किए।