आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव तिगरिया नादिरशाह में घर से निकलते ही किसान को ठंड ने जकड़ लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बावजूद न तहसील का अमला मौके पर पहुंचा और न ही कोई अफसर। हालांकि पुलिस पहुंच गई, मगर परिजनों ने शव पीएम के लिए नहीं भेजने दिया।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव तिगरिया नादिरशाह निवासी महेंद्र सिंह (40) पुत्र गोपी किशन खेती-किसानी करता था। गुजारे लायक जमीन पर खेतीबाड़ी से ही परिवार का भरण पोषण होता था। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह खेत पर जाने के लिए घर से निकला था।
घर से निकलते ही वह जमीन पर गिर गया। बेसुध हालत में परिजन महेंद्र सिंह को लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन डाक्टर ने किसान को मृत घोषित कर दिया। ठंड से उसका शरीर बुरी तरह जकड़ चुका था। डाक्टर ने ठंड लगने से मौत की पुष्टि की।
महेंद्र सिंह की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को ग्रामीणों ने एसडीएम, तहसीलदार और लेखपाल तक को सूचना दी, लेकिन तीनों में से कोई भी मृतक के घर नहीं पहुंच सका। पुलिस मौके पर पहुंची, मगर परिजनों ने शव को पीएम के लिए नहीं भेजने दिया। मृतक की पत्नी और पांच छोटे-छोटे बच्चों का रो रोकर बुराहाल था।