महर्षि गुरू रविदास जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में शहर के मोहल्ला
छेबड़ा से संत शिरोमणि महर्षि गुरू रविदास जी के 639वें जन्मोत्सव पर भव्य
शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसका शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमलेश
आर्या ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा में सबसे आगे गुरु रविदास जी का परचम
था।
इसके पीछे भारत माता की झांकी, रविदास भक्ति में लीन, मीरा बाई को
शिक्षा देते संत रविदास, सिद्घार्थ-यशोधरा, सिकंदर लोधी की जेल में संत
रविदास, संत रविदास को कंदन देती गंगा मैया, माता-पिता, कबीर आदि संतों के
साथ गोष्ठी की झांकी और अंत में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पालकी थी।
शोभायात्रा में पहली बार सिख समुदाय का जत्था भी शामिल हुआ। जत्थेदारों ने
हैरतअंगेज कारनामे दिखाकर सभी को हैरत में डाल दिया जबकि रास लीला के
कलाकरों ने धार्मिक गीतों पर नृत्य कर मनमोह लिया।
बैंडबाजों से निकल रहीं
धुनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा आजाद रोड, दानिशमंदान, नखासा
बाजार, टीपीनगर चौराहा, बटवाल, कोट, शफातपोता, कटरा, मच्छरट्ठा, बड़ा
बाजार, जटबाजार होती हुई मोहल्ला अहमदनगर स्थित गुरु रविदास मंदिर पर
पहुंचकर गोष्ठी में परिवर्तित हो गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने संत
रविदास जी के जीवन पर प्रकाश डाला और समाज से उनके आदर्शों को अपनाने पर
जोर दिया।
शोभायात्रा पर की गई पुष्प वर्षा
अमरोहा।
शहर के मोहल्ला छेबड़ा के वासिंदों ने पुष्प वर्षा करके शोभायात्रा का
स्वागत किया। इस दौरान संत शिरोमणि महिर्ष गुरु रविदास जन्मोत्सव एवं
स्मारक समिति ने शोभायात्रा में शामिल लोगों का चाय और हलवे से स्वागत
किया। इधर अमरोहा एकता मंच ने कोट चौराहे पर मिठाई के साथ शोभायात्रा का
स्वागत किया।
इस मौके पर मरगूब सिद्दीकी, फैसल जफर, आलम लतीफ, गौरव वर्मा,
अतुल शर्मा, रौनक सलमानी, शादाब सैफी, तैयब सलमानी, राजेश कुमार, बब्लू
यादव, दिनेश सैनी, आसिफ अंसारी, जावेद मंसूरी आदि मौजूद रहे।