राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत जीजीआईसी में दूसरी जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी हुई। इसमें जिलेभर के स्कूली बच्चों ने अपने-अपने मॉडल्स रखे और उनके माध्यम से विभिन्न समस्याओं और उनके निदान को वैज्ञानिक सोच देने का प्रयास किया। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ बीस मॉडल को एक-एक हजार रुपये पारितोषिक के रूप में नकद प्रदान किए गए। प्रदर्शनी में सर्वाधिक सोलर ऊर्जा से संबंधित मॉडल रखे गए।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जीआईसी अमरोहा के प्रधानाचार्य खुर्शीद हैदर जैदी ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रतिभागी मॉडल्स का निरीक्षण किया और बच्चों के प्रयास को सराहा।
कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में छिपी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच को नया आयाम देती है ऐसे में स्कूलों को अपने बच्चों को प्रतिभाग कराना चाहिए और नए-नए सोच के साथ मॉडल तैयार करने चाहिए।
विज्ञान प्रदर्शनी प्रभारी मरगूब हुसैन ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान और प्रदर्शनी की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन प्रीति ने किया। यहां प्रधानाचार्या बीना गुप्ता, प्रवक्ता दिनेश चिकारा, राशिद मसरूर, महबूब आलम, पूनम बालियान, मौहम्मद असलम, शाहिद खान, शारिब कदर, भूपेंद्र कुमार, सरताज अली आदि मौजूद रहे।