किसान व अधिवक्ताओं ने नौगावां सादात को तहसील बनाने के विरोध में मंडी से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन कर कहा कि क्षेत्र के सभी गांव जोया व अमरोहा ब्लाक से जुड़े हैं। नौगावां सादात में जोड़े जाने पर ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
भौगोलिक दृष्टि से नौगावां सादात तहसील बनने के लिए अनुपयुक्त होने के कारण अब इसके विरोध की चिंगारी गांवों तक फैल गई है। बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रांतीय महासचिव चौधरी दिवाकर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मंडी में एकत्र हुए।
यहां से नारेबाजी कर पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नौगावां सादात को तहसील बनाए जाने के निर्णय को अविवेकपूर्ण बताया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना देकर बैठ गए। धरने में तहसील के कुछ अधिवक्ता भी शामिल हुए।
धरने पर भाकियू के प्रांतीय महासचिव चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि नौगावां सादात के लिए परिवहन का सीधा साधन नहीं है। जिन गांवों को काटा जाएगा, वह जोया व अमरोहा ब्लाक में आते हैं। इनको ब्लॉक का काम होने पर जोया व अमरोहा तथा तहसील का काम होने के लिए नौगावां सादात जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों को दिक्कत होगी।
ग्रामीणों की परेशानी को समझते हुए गांवों को नौगावां सादात में शामिल न किया जाए। सुंदरपुर चाऊपुर व नेकपुर न्याय पंचायतों को जनपद में शामिल किया जाए। इस दौरान सुरेंद्र सिंह, बृजपाल सिंह यादव, जयकीरत सिंह, भीमा सिंह, राजपाल सिंह, होशियार सिंह, पप्पू उर्फ नरेेश सिंह, बलवीर सिंह पाल, राहुल कुमार, हरपाल सिंह, राम सिंह, महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
इन गांवों को जोड़े जाने की तैयारी है
जोया ब्लॉक के गुलड़िया बागड़पुर, धकतोड़ा, फोंदापुर, सिहाली, करौंदी, मिलक, शाहूपुर, शेखूपुरा मझरा करौंदी, ऊमरी जानिबगर्व, मधुआ माफी, चांदनगर, नरैैनी, अटेरना, अमरोहा विकास क्षेत्र के इब्राहिमपुर आबाद, जलालपुर नारायण, जीरखी, पछदिया, कांकरखेड़ा, धावड़ी, हादीपुर कलां, गांजरपुर गांवड़ी, पंजू सराय, दाऊद सराय, शेखूपुरा, खेतापुर, नाजरपुर कलां, आशेलपुर गांवड़ी, ताजपुर, जब्दा, बहादरपुर, पीपली घोषी अमरोहा तहसील के गांव हैं। इनकी दूरी सदर तहसील से महज सात से दस किमी है, जबकि नौगावां सादात इनसे 24 किमी दूर है। सीधा रास्ता भी नहीं है। जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी होगी।