गांव में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित नहीं किए जाने से खफा गजरौला क्षेत्र के गांव दरियापुर बुजुर्ग के ग्रामीणों ने मंगलवार को गन्ना समिति की तालाबंदी कर दी। उन्होंने अपनी मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
बाद में सचिव के आश्वासन पर तालाबंदी समाप्त की गई। दरियापुर बुजुर्ग के ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी लेकिन इस बार भी केंद्र स्थापित नहीं किया गया।
इससे ग्रामीणों को पांच किलोमीटर दूर मझोला गांव जाकर गन्ने की तौल करानी पड़ती है। वहां पर आए दिन दूसरे गांव के लोगों से विवाद होता है। गांव में क्रय केंद्र नहीं होने से तमाम लोगों को गन्ना औने-पौने दाम में भी बेचना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके गांव में क्रय केंद्र स्थापित नहीं होगा तब तक चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति नहीं की जाएगी। बुधवार को अपनी मांग को लेकर मझोला क्रय केंद्र पर धरना भी दिया जाएगा।
सचिव सुरेशपाल यादव ने इस संबंध में कार्रवाई का आश्वासन देकर तालाबंदी समाप्त कराई। इस मौके पर ऋषिपाल यादव, गौरव कुमार, अंकित चौधरी, गजेंद्र यादव, अनुज यादव, अरूण कुमार, नेमवीर सिंह आदि मौजूद थे।